अहमदाबाद से जयपुर आ रही फ्लाइट के अंदर टेक ऑफ के दौरान घुसा कबूतर, यात्रियों ने किया हंगामा


ट्रांसपोर्ट रिपोर्टर. जयपुर। अगर आप हवाई यात्रा करते रहते हैं, तो आपने फ्लाइट में बर्ड हिट जैसी घटना जरूर सुनी होगी। लेकिन लेकिन शुक्रवार को जयपुर आ रही एक फ्लाइट में बडा अजीब वाकया देखने को मिला।जयपुर आ रही गोएयर की फ्लाइट में टेक ऑफ से ठीक पहले कबूतर मिलने के बाद यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। इसके बाद विमान को रोकर पहले कबूतर को बाहर निकाला गया। तब जाकर कहीं विमान ने अहमदाबाद से जयपुर के लिए उड़ान भरी।


दरअसल शुक्रवार को गो एयर की फ्लाइट जी8-702 अहमदाबाद से जयपुर आ रही थी। विमान को करीब 4:30 बजे एप्रिन पर लाया गया। एक-एक यात्री फ्लाइट में गए। जब फ्लाइट में सभी यात्री बैठ गए, तो फ्लाइट्स के गेट बंद कर दिए गए। इसके बाद फ्लाइट शाम 4:50 बजे टेक ऑफ के लिए रनवे पर आने ही वाली थी कि तभी एक यात्री ने अपना हैंड बैग रखने के लिए फ्लाइट के लगेज शेल्फ को खोला। जिसमें से एक कबूतर निकला। कबूतर को फ्लाइट में देख सभी यात्री हैरान रह गए।


इस पर यात्रियों हंगामा किया। ऐसे में क्रू मेंबर्स ने यात्रियों को शांत किया। इसकी जानकारी एयरलाइंस स्टाफ ने तुरंत ग्राउंड स्टाफ को दी। जिसके बाद फ्लाइट का गेट खोला गया और काफी मशक्कत के बाद कबूतर को फ्लाइट से बाहर निकाला गया। इस पूरी घटना ने एयरपोर्ट और एयरलाइंस प्रशासन के मेंटिनेंस सिस्टम की पोल खोल दी। हालांकि बावजूद इसके फ्लाइट अपने निर्धारित समय शाम 6:45 के बजाय 6:15 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंची।